अभियंता दिवस पर रोटरी क्लब ने किया शहर के अभियंताओं का सम्मान
जबलपुर। रोटरी क्लब जबलपुर साउथ द्वारा अभियंता दिवस पर अभियंताओं का सम्मान कर भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया जी की स्मृति में भारत सरकार द्वारा स्थापित अभियंता दिवस के महत्व को प्रतिपादित करते हुए अभियंता गोष्ठी का आयोजन किया। मुख्यवक्ता युवा उद्यमी एवं अभियंता रवि वैश्य ने अभियंता की राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए उनके योगदान की तुलना सीमा पर खड़े फौज के जवानों से की। उन्होंने आग्रह किया कि हम सबको ऐसे कल कारखानों का निरीक्षण जरूर करना चाहिए जहां पर एक अभियंता अपनी मेहनत से हम सब की कल्पनाओं को साकार करता है। क्लब अध्यक्ष अखिल खंडेलवाल ने अभियंताओं के ज्ञान एवं उनकी रचनाशीलता को विकसित समाज की आधारशिला निरूपित करते हुए उनके प्रति सदैव कृतज्ञ रहने का आव्हान किया। उपस्थित अभियंताओं अमरेंद्र नारायण, प्रमोद कुमार वैश्य, उमंग अग्रवाल, हरीश रिझवानी, कपिल बाछानी, रवि वैश्य को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पूर्व प्रान्तपाल अखिल मिश्र, पूर्व अध्यक्ष अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ जितेंद्र जामदार, अवतार सिंह छग्गर, सारंग भिड़े, राकेश गिदरोनियां, स्पर्श जैन, नवीन खंडेलवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

