महिलाओं के लिए सुरक्षित शहर एवं सार्वजनिक स्थान अभियान
महिलाओं के लिए सुरक्षित शहर एवं सार्वजनिक स्थान अभियान की प्रथम वार्षिक समीक्षा बैठक संपन्न
—–
महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं समावेशी शहरी वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम एवं यूएन वूमेन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘‘सेफ सिटीज एंड सेफ पब्लिक स्पेसेज फॉर वूमेन’’ परियोजना की प्रथम वार्षिक समीक्षा बैठक का आयोजन आज शुक्रवार को घंटाघर के समीप स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस कल्चरल एंड इंफॉर्मेशन सेंटर में किया गया।
महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में नगर निगम अध्यक्ष श्री रिंकूज विज, चीफ ऑफ स्टाफ, मध्य भारत एरिया मेजर जनरल संजय गौतम, पुलिस महानिरीक्षक श्री प्रमोद वर्मा, कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार, रेलवे से डॉ मधुर वर्मा, मोहम्मद मुन्नवर खान, यूएन वूमेन की कंट्री रिप्रेजेंटेटिव सुश्री शोको इशिकावा एवं डिप्टी कंट्री रिप्रेजेंटेटिव सुश्री कांता सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुये महापौर श्री जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ ने नगर निगम और यूएन वूमेन के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जबलपुर को महिलाओं के लिए देश का सबसे सुरक्षित शहर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को नई गति देने महापौर ने एक बड़ी और सकारात्मक सहयोग का संकल्प लेते हुये शहर की 100 महिलाओं को ऑटो-रिक्शा अथवा ई-रिक्शा उपलब्ध कराने की घोषणा की।

