संभाग आयुक्त धनंजय सिंह ने समीक्षा बैठक में दिए महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश

संभाग आयुक्त धनंजय सिंह

संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के सभी जिला कलेक्टर्स के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली जन कल्याणकारी योजनाओं के त्वरित और प्रभावी क्रियान्वयन तथा सभी पात्र हितग्राहियों को नियत समय सीमा में योजनाओं का पूरा लाभ मिले, इस हेतु विभागीय अधिकारियों की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग करने हेतु कलेक्टर्स को निर्देशित किया।
संभागायुक्त ने संभाग स्तरीय बैठकों के पालन प्रतिवेदन की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित बिंदुओं के अनुपालन की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व न्यायालयों के प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण, उनके रोस्टरवार निरीक्षण, सीएम हेल्पलाइन, सीपीग्राम, सीएम मॉनिट, सीएस मॉनिट और लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों के प्राथमिकता के आधार पर समाधान पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही जीएडी, लोकायुक्त, लंबित प्रकरणों, भूमि आवंटन, तथा उद्योग नीति एवं निवेश प्रोत्साहन से जुड़े कार्यों की भी गहन समीक्षा की गई।

संभाग आयुक्त धनंजय सिंह संभागायुक्त ने जिला सड़क सुरक्षा समितियों की नियमित बैठकें आयोजित करने, ब्लैक स्पॉट चिंहांकित कर उनमें अपेक्षित सुधार लाने तथा राहवीर एवं पीएम राहत योजना के प्रकरणों की जानकारी ली। स्वास्थ्य एवं पोषण को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन, दस्तक अभियान, टीबी मुक्त भारत, आयुष्मान भारत वय वंदना योजना और एनीमिक गर्भवती महिलाओं के विशेष प्रबंधन के निर्देश दिए। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिये। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के शत-प्रतिशत पंजीयन और पोषण आहार का नियमित वितरण सुनिश्चित कराने तथा विभागीय अधिकारियों को आंगनवाड़ी केंद्रों का सतत निरीक्षण कर केंद्र पर उपलब्ध निरीक्षण पंजी में निरीक्षण टीप अनिवार्य रूप से अंकित करने हेतु निर्देशित किया।

बैठक में संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह द्वारा छात्रवृत्ति वितरण, एसटी-एससी अत्याचार निवारण की राहत राशि, छात्रावासों का नियमित निरीक्षण, शत-प्रतिशत अपार आईडी निर्माण, समय पर छात्रों को पाठ्यपुस्तक वितरण की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में विकास योजनाओं पर चर्चा करते हुए संभागायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास, पीएम स्वनिधि, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान की प्रगति की समीक्षा की। जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत संभाग के सभी जिलों में उल्लेखनीय प्रगति की संभागायुक्त द्वारा प्रशंसा की गई।
कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों की समीक्षा में खरीफ सीजन हेतु ई-विकास प्रणाली से उर्वरक वितरण, उर्वरक गुण नियंत्रण, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती, ई-मंडी और पर ड्रॉप मोर क्रॉप के लक्ष्यों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को गुणवत्ता पूर्ण उर्वरक, बीज मिले इस हेतु प्रभावी रूप से वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जावे। ई- टोकन के माध्यम से उर्वरक वितरण की लगातार समीक्षा एवं मॉनिटरिंग भी की जाए।

पशुपालन, मत्स्य पालन और सहकारिता विभाग के अंतर्गत डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना, हिरण्यगर्भा अभियान, क्षीरधारा ग्राम, आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना तथा मत्स्योद्योग नीति 2026 के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अल्पावधि ऋण वितरण और नवीन केसीसी कार्य को त्वरित रूप से कराने हेतु निर्देशित किया गया। संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह द्वारा श्रम विभाग, उद्यानिकी एवं मत्स्य विभाग के संभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संभाग के सभी ज़िलों का भ्रमण रोस्टर तैयार करें एवं जिलों में जाकर जिला अधिकारियों के साथ विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करावें। संभागायुक्त ने सभी अधिकारियों को जनहित के सभी लंबित आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए पूरी तत्परता से काम करने के निर्देश दिये।

समीक्षा के दौरान शाला नामांकन व पाठ्य पुस्‍तक वितरण की अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर छिंदवाड़ा के जिला शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण लेने हेतु कलेक्टर को निर्देश भी दिये। इस दौरान कलेक्‍टर श्री राघवेन्‍द्र सिंह, नगर निगम कमिश्‍नर श्री रामप्रकाश अहिरवार, एमपीआरडीसी के कार्यकारी निदेशक श्री अनिल राठौर सहित संभागीय अधिकारी कमिश्‍नर सभाकक्ष में मौजूद थे।

Please follow and like us:

You May Have Missed

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
X (Twitter)
Visit Us